नई दिल्ली (UNA) : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण एक बार फिर गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। घने स्मॉग की चादर के चलते शहर के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स ‘सीवियर’ श्रेणी में दर्ज किया गया। खराब हवा के कारण आंखों में जलन, सांस लेने में दिक्कत और गले में खराश जैसी समस्याएं बढ़ने लगी हैं।
स्मॉग के कारण दृश्यता में भी भारी गिरावट दर्ज की गई, जिसका असर हवाई यातायात पर पड़ सकता है। इसी को देखते हुए दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है और उड़ानों की स्थिति जांचने की सलाह दी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, ठंडी हवाओं की कमी और स्थिर वायुमंडलीय स्थिति के कारण प्रदूषक कण वातावरण में फंसे हुए हैं।
प्रदूषण नियंत्रण एजेंसियों ने लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, मास्क का उपयोग करने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही, स्थिति में सुधार के लिए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के तहत प्रतिबंधों को सख्ती से लागू करने पर भी जोर दिया जा रहा है। - UNA
















