नई दिल्ली (UNA) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को नागरिकों को अनक्लेम्ड और वर्षों से लंबित पड़े धन को वापस पाने में सहायता के लिए कई आधिकारिक सरकारी पोर्टलों की सूची साझा की। उन्होंने कहा कि देशभर में करोड़ों रुपये ऐसे हैं जिन्हें लोग भूल चुके हैं या जिनकी जानकारी उनके परिजनों को नहीं है, और सरकार इन पैसों को लोगों तक वापस पहुंचाने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है।
पीएम मोदी ने बताया कि RBI’s UDGAM पोर्टल, EPFO का unified portal, SEBI का IEPF प्लेटफॉर्म, और बैंकों का अनक्लेम्ड डिपॉजिट सर्च टूल जैसे आधिकारिक माध्यम नागरिकों को सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से अपने पैसे खोजने और वापस पाने की सुविधा देते हैं।
उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित ये प्लेटफॉर्म लोगों को बैंक खातों, बीमा पॉलिसियों, पीएफ, शेयर डिविडेंड और अन्य वित्तीय साधनों में पड़े अनक्लेम्ड फंड की जानकारी कुछ ही मिनटों में उपलब्ध कराते हैं।
प्रधानमंत्री ने नागरिकों से अपील की कि वे इन पोर्टलों पर अपनी जानकारी जांचें और अपने परिवार के सदस्यों को भी इस पहल के बारे में बताएं, ताकि कोई भी व्यक्ति अपने अधिकार का पैसा खोया हुआ न रहने दे। - UNA
















