नई दिल्ली, (UNA) : देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो को परिचालन संबंधी चुनौतियों के कारण मंगलवार को मुंबई और दिल्ली एयरपोर्ट पर 220 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। अचानक हुई इन रद्दियों से बड़ी संख्या में यात्री प्रभावित हुए, जिनमें कई यात्रियों की कनेक्टिंग और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल थीं। एयरपोर्ट पर लंबी कतारें, भीड़ और जानकारी के अभाव के चलते यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
एयरलाइन के अनुसार, तकनीकी और क्रू से संबंधित समस्याओं के चलते परिचालन प्रभावित हुआ है। कंपनी ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अपनी टास्क फोर्स को सक्रिय कर दिया है और प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था, री-शेड्यूलिंग तथा रिफंड की सुविधा प्रदान की जा रही है।
इंडिगो ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि उड़ानों को जल्द सामान्य करने के प्रयास तेजी से जारी हैं। एयरपोर्ट अधिकारियों ने भी यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जांचने की सलाह दी है, ताकि अनावश्यक असुविधा से बचा जा सके। - UNA
















