नई दिल्ली (UNA): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी में वायु प्रदूषण के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि शहर में पिछले 27 वर्षों की अनदेखी के कारण आज प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंच गया है, और इसे ठीक करने के लिए सरकार को कम से कम “27 महीने” का समय चाहिए।
गुप्ता ने प्रदूषण विरोधी प्रदर्शनों को राजनीतिक बताया और कहा कि विरोध के बजाय सहयोग से स्थिति में तेजी से सुधार हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि सरकार पहले ही कई महत्वपूर्ण कदम उठा चुकी है, जिनमें प्रदूषण स्रोतों की पहचान, सड़क धूल नियंत्रण, इंडस्ट्रियल मॉनिटरिंग और नई तकनीक के उपयोग जैसे उपाय शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले महीनों में सरकार प्रदूषण कम करने पर केंद्रित नई नीतियाँ लागू करेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जागरूक रहें और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में सक्रिय भूमिका निभाएँ। - UNA
















