नई दिल्ली (UNA) : देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने हालिया परिचालन संकट के कारण फंसे यात्रियों को राहत देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। एयरलाइन ने घोषणा की है कि 5 से 7 दिसंबर के बीच देरी या रद्द हुई उड़ानों के कारण प्रभावित हुए सभी यात्रियों को ₹10,000 के ट्रैवल वाउचर प्रदान किए जाएंगे। यह वाउचर इंडिगो की आगामी किसी भी घरेलू यात्रा में उपयोग किया जा सकेगा।
पिछले सप्ताह बड़े पैमाने पर क्रू उपलब्धता की समस्या और परिचालन बाधाओं के चलते सैकड़ों उड़ानें प्रभावित हुई थीं। हजारों यात्रियों को लंबे इंतजार, रद्दीकरण और सामान में देरी जैसी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था।
एयरलाइन ने कहा कि यह निर्णय यात्रियों की असुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि उन्हें भविष्य की यात्रा में आर्थिक राहत मिल सके। इंडिगो ने यह भी आश्वासन दिया है कि परिचालन सुचारू करने के लिए अतिरिक्त कदम उठाए जा रहे हैं और आने वाले दिनों में स्थिति सामान्य करने पर जोर दिया जा रहा है। - UNA
















