नई दिल्ली (UNA) : इंडिगो की अचानक हुई हजारों उड़ानों की रद्दीकरण और देरी ने यात्रियों की यात्रा योजनाओं को गहरा झटका दिया है। देशभर के एयरपोर्ट्स पर फंसे यात्रियों की सबसे बड़ी चिंता अब रिफंड, रीबुकिंग और वैकल्पिक उड़ानों की उपलब्धता को लेकर है। कई लोगों ने बताया कि न केवल उड़ानें कैंसिल हुईं, बल्कि इनके कारण जरूरी कार्यक्रम, इंटरव्यू और बिजनेस ट्रिप भी प्रभावित हुए हैं।
एयरलाइन ने यात्रियों को आश्वासन दिया है कि जिनकी उड़ानें रद्द हुई हैं, उन्हें पूरा रिफंड या बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के रीबुकिंग का विकल्प मिलेगा। साथ ही, भारी संख्या में फंसे बैगेज को क्रमबद्ध तरीके से यात्रियों तक पहुंचाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। उधर, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने प्रभावित यात्रियों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एयरलाइन से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
यात्रा विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी स्थिति में यात्रियों को सबसे पहले अपनी बुकिंग स्थिति ऑनलाइन चेक करनी चाहिए और रिफंड या रीबुकिंग का अनुरोध एयरलाइन के आधिकारिक पोर्टल या ऐप के माध्यम से करना चाहिए। तेजी से बदलती स्थिति के मद्देनज़र एयरलाइन से लगातार अपडेट लेते रहना भी जरूरी है। - UNA
















