लंदन, यूनाइटेड किंगडम (UNA) : ब्रिटेन में अवैध डिलीवरी राइडर्स के खिलाफ चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 171 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें कई भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई उन राइडर्स पर केंद्रित थी जो वैध वर्क परमिट या आवश्यक दस्तावेजों के बिना फूड और पार्सल डिलीवरी सेवाओं में लगे हुए थे।
पुलिस ने बताया कि ये राइडर्स विभिन्न ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स के लिए काम कर रहे थे और कई मामलों में नकली पहचान या किसी अन्य व्यक्ति के अकाउंट का उपयोग किया जा रहा था। हाल के महीनों में अवैध राइडर्स की संख्या बढ़ने से सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई थीं, जिसके चलते यह संयुक्त अभियान शुरू किया गया।
अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और जिन राइडर्स के दस्तावेज़ संदिग्ध पाए जाएंगे, उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कई डिलीवरी कंपनियों को भी चेतावनी दी गई है कि वे वेरिफिकेशन प्रक्रिया को और कड़ा करें।
यह कार्रवाई यूके में गिग इकॉनमी से जुड़े अवैध कामगारों पर बढ़ती निगरानी का संकेत देती है और भारतीय समुदाय का एक हिस्सा भी इसकी चपेट में आया है। - UNA















